विद्या भारती हिमाचल प्रदेश द्वारा 25 लाख सूर्य नमस्कार करने का संकल्प

विद्या भारती हिमाचल प्रदेश द्वारा हिमाचल प्रदेश के 1 करोड़ सूर्य नमस्कार के लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए 31 जनवरी से 7 फरवरी 2022 तक आठ दिनों में 25 लाख सूर्य नमस्कार करने का संकल्प लिया है। विद्या भारती के प्रांत योग प्रमुख एवं सूर्य नमस्कार के प्रभारी श्री भोगेश्वर शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में अनेकों संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में देश भर में 75 करोड़ सूर्य नमस्कार करने का संकल्प किया गया है। इसी योजना के निमित्त हिमाचल प्रदेश द्वारा 31 जनवरी से लेकर 7 फरवरी 2022 तक 8 दिनों में 1 करोड़ के सूर्य नमस्कार का लक्ष्य निर्धारित किया है।

श्री भोगेश्वर शर्मा ने कहा कि इस संकल्प को पूरा करने के लिए विद्या भारती द्वारा पूरे प्रान्त में संचालित सरस्वती विद्या मंदिरों में आठ दिनों तक सूर्य नमस्कार अभियान चलाया जाएगा। इसमें हिमाचल शिक्षा समिति प्रान्त कार्यकरिणी के सभी सदस्य, सभी जिलों की जिला कार्यकरिणी के सभी सदस्य, विद्या मन्दिर के छात्र, छात्राएं, आचार्य, अभिभावक, प्रबन्ध समिति सदस्य एवं विद्यालयों पूर्व छात्र व पूर्व आचार्य सहभागी रहेंगे। भोगेश्वर शर्मा ने कहा कि सूर्य नमस्कार करने से पाचन तंत्र ठीक रहता है, उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है और शरीर के सभी अंग बलिष्ठ व निरोग होते हैं।

विद्या भारती के प्रांत प्रचार प्रमुख देवीसिंह वर्मा ने बताया कि इस अभियान के प्रथम दिवस 31 जनवरी 2022 को 11902 प्रतिभागियों द्वारा 303691 सूर्य नमस्कार किए गये। जिसमें 4679 छात्रों ने 115106 सूर्य नमस्कार, 4724 छात्राओं ने 117106, 1293 आचार्यों ने 35274, 551 अभिभावकों ने 15026, 395 प्रान्त कार्यकरिणी, जिला समिति व विद्यालय प्रबन्ध समितियों के सदस्यों द्वारा 13198 सूर्य नमस्कार एवं 260 पूर्व छात्रों व पूर्व आचार्यों ने 7981 सूर्य नमस्कार किए गये।